रोहड़ू। खाद्य आपूर्ति निगम के लिए डेड गैस कनेक्शन परेशानी का सबब बन गए हैं। गैस कनेक्शन बंद होने के बावजूद गांव-गांव में उपभोक्ता सिलेंडर भरवा रहे हैं। लेकिन गैस एजेंसी को चालू कनेक्शनों के आधार पर ही सप्लाई मिल रही है। इससे उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर देने में निगम को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी घरेलू गैस उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ रही है।
गैस वितरण प्रणाली को सुधारने के लिए स्थानीय लोगों ने एसडीएम रोहड़ू के सामने भी गुहार लगाई है। रोहड़ू में करीब 25 हजार घरेलू गैस उपभोक्ता हैं। इसके अतिरिक्त पांच हजार उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनके कनेक्शन कंप्यूटर अपडेट न होने के कारण डेड पड़े हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में चालू व डेड कनेक्शनों के सभी उपभोक्ताओं को गैस दी जा रही है। गैस पासबुक दिखाकर ग्रामीण सिलेंडर भी भरवा रहे हैं। लेकिन गैस एजेंसी को चालू कनेक्शनों के आधार पर ही गैस की सप्लाई मिल रही है। गैस सिलेंडरों की सप्लाई चौधरियों के कंधों पर है। गैस एजेेंसी से निगम का कोई भी कर्मचारी चौधरियों के साथ सप्लाई देने फील्ड में नहीं जाता है। इससे ग्रामीणों को डेड कनेक्शनों के संबंध में आवश्यक जानकारियां नहीं मिल पा रही है। उपभोक्ताओं को सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी से भी वंचित रहना पड़ रहा है। जानकारी के अभाव में ग्रामीण अपने डेड कनेक्शनों को फिर से चालू नहीं करवा रहे हैं।
यह है पास बुक एंट्री का नियम
नियमानुसार गैस भरवाने के छह माह में एक बार गैस पास बुक का कंप्यूटर में दर्ज होना जरूरी है। यदि छह माह में कोई उपभोक्ता पास बुक पर एंट्री करवाकर अपना सिलेंडर नहीं भरवाता है, तो उसका कनेक्शन डेड हो जाता है। दोबारा कनेक्शन चालू करने के लिए उपभोक्ता को गैस एजेंसी में आधार कार्ड देना जरूरी होता है।
डेड कनेक्शन से दिक्कत : लीली
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की निरीक्षक लीली ठाकुर ने बताया कि पांच हजार कनेक्शन डेड पड़े हुए हैं। इससे गैस वितरण में दिक्कत आ रही है। उपभोक्ताओं को अपने कनेक्शन बहाल करने चाहिए।
गैस एजेंसी में आए उपभौकता : सोहन लाल
रोहड़ू गैस एजेंसी प्रभारी सोहन लाल ने बताया कि उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी में आकर अपने कनेक्शनों को चालू करवाना चाहिए, ताकि गैस सिलेंडरों का वितरण सही ढंग से किया जा सके।
गैस वितरण की शिकायत मिली : घनश्याम
एसडीएम रोहड़ू घनश्याम दास शर्मा ने बताया कि रसोई गैस सिलेंडर वितरण सही ढंग से न होने की उनके पास कई शिकायतें आई हैं। इसलिए गैस एजेंसी को सही ढंग से सिलेंडरों की सप्लाई देने के निर्देश दिए गए हैं।