पुरानी पेंशन बहाली को लेकर
अधिवेशन में बनाएंगे रणनीति
रामपुर बुशहर। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर एनपीएस कर्मचारी 30 सितंबर को पंचायत भवन शिमला में रणनीति तैयार करेंगे। इस अधिवेशन में पूरे प्रदेश में सेवाएं दे रहे एनपीएस कर्मचारी भाग लेंगे और अपनी समस्याओं को लेकर चर्चा करेंगे। एनपीएस कर्मचारी महासंघ की ओर से आयोजित इस अधिवेशन की अध्यक्षता शिमला जिला अध्यक्ष देविंद्र सिंह प्रेमी करेंगे। बैठक में पुरानी पेंशन की बहाली को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इस दौरान महासंघ के राज्य अध्यक्ष नरेश ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
एनपीएस कर्मचारी महासंघ के राज्य मुख्य प्रवक्ता कुशाल शर्मा, राज्य उपाध्यक्ष नित्यानंद शदाट प्रदेश भर से आए सदस्यों को संबोधित करेंगे। जिला शिमला महासचिव नारायण हिमराल ने बताया कि बैठक में 28 अक्तूबर को सांसदों के घर उपवास और 29 नवंबर को दिल्ली मार्च टू पार्लियामेंट पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी। बैठक में एनपीएस कर्मचारियों को केंद्र द्वारा प्रदान किए जा रहे लाभों को प्रदेश के कर्मचारियों को प्रदान करने के बारे में भी सरकार के समक्ष मुद्दा उठाने को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अधिवेशन को सफल बनाने की अपील की है।