पुजारली चार जगटेली नहीं हुई बहाल
मंडियों में पहुंचने से पहले सड़ने लगी आलू की खेप
लोनिवि पर लगाया समस्या की अनदेखी का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
रोहडू। पुजारली चार जगटेली सड़क बीते दो सप्ताह से वाहनों के लिए बंद पड़ी है। सड़क खुलने के इंतजार में आलू की खेप खराब हो रही है। किसानों में इस बात को लेकर रोष है कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया गया, बावजूद इसके अभी तक सड़क बहाल नहीं हो पाई है।
जगटेली गांव निवासी पन्ना लाल जोगटा, मुर्की लाल जोगटा, मोती लाल और अमी चंद जोगटा के अनुसार पुजारली चार से जगटेली सड़क का काम नाबार्ड के तहत करवाया जा रहा है। सड़क पर पहले बड़े वाहन चल रहे थे। मार्च के बाद सड़क पर नाबार्ड के तहत कोई काम नहीं किया गया। अब 15 दिन पहले बारिश से सड़क धंस गई। कई बार लोनिवि टिक्कर के एसडीओ से इस संबंध में कार्रवाई का आग्रह किया जा चुका है, बावजूद इसके अभी तक सड़क बंद पड़ी है। सड़क खुलने के इंतजार में मार्केट में बेचने के लिए रखी गई आलू की खेप भी खराब हो रही है। सेब सीजन के लिए खाली पेटियां और पैकिंग का सामान भी घर नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों से आग्रह किया है कि पुजारली चार जगटेली सड़क को वाहनों के लिए शीघ्र बहाल किया जाए। यदि नाबार्ड के तहत सड़क पर काम समय पर पूरा नहीं किया तो वे उक्त मामले को मुख्यमंत्री के सामने उठाएंगे।