प्रोफेसर से मारपीट मामले में शिक्षक हड़ताल पर
पांच आरोपी छात्रों के निष्कासन की मांग, कक्षाओं का बहिष्कार जारी
काले बिल्ले लगाकर शिक्षकों ने जताया रोष
प्रदेश विवि को भेजा मामला, कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूूरो
रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज में प्रोफेसर के साथ मारपीट के विरोध में बुधवार को शिक्षकों ने कक्षाओं का बहिष्कार किया। शिक्षकों ने काले बिल्ले लगाकर अपना रोष जताया और मारपीट के आरोपियों को जल्द से जल्द कॉलेज से निष्कासित करने की मांग उठाई। पीजी कॉलेज रामपुर शिक्षक संघ ने इस संबंध में प्रदेश विश्वविद्यालय को पत्र लिखकर प्रदेश के किसी भी कॉलेज में छात्रों को दाखिला न देने की मांग भी की है।
पीजी कॉलेज में मंगलवार को फिजिक्स के प्रोफेसर के साथ मारपीट मामले ने तूल पकड़ना शुरू कर दिया है। इस घटना के बाद शिक्षकों में रोष का माहौल है। बुधवार को कॉलेज में शिक्षक संघ की विशेष बैठक आयोजित कर मारपीट में शामिल पांचों छात्रों को कॉलेज से निष्कासित करने की मांग उठाई गई। शिक्षकों ने इन छात्रों को कॉलेज से निष्कासित करने के साथ-साथ प्रदेश के किसी भी कॉलेज में दाखिला न देने की भी सिफारिश की है। प्रदेश विवि के रजिस्ट्रार को पत्र भेजकर शिक्षकों ने इस संबंध में उचित कार्रवाई की मांग की है। बैठक के दौरान शिक्षकों ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की और भविष्य में ऐसी कोई वारदात पेश न आए को लेकर भी रणनीति तैयार की।
इस संबंध में पीजी कॉलेज की कार्यकारी प्राचार्य पुष्पा नेगी और शिक्षक संघ के अध्यक्ष विद्याबंधु नेगी ने बताया कि शिक्षक के साथ पेश आई घटना शर्मसार करने वाली है। शिक्षण संस्थान में इस तरह की घटना को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मारपीट में संलिप्त पांचों छात्रों को निष्कासित करने को लेकर शिक्षक कक्षाओं का बहिष्कार कर रहे हैं। संघ ने प्रदेश विश्वविद्यालय प्रबंधन को मामला भेजकर उचित कार्रवाई की मांग उठाई है।