लूहरी परियोजना में दत्तनगर
पंचायत नहीं करेगी सहयोग
दत्तनगर पंचायत ने लाडा की राशि न मिलने पर जताया रोष
मांगें नहीं हुई पूरी तो निरस्त होगी एनओसी : वीना
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। उपमंडल की दत्तनगर पंचायत के नुमाइंदों ने लूहरी परियोजना प्रबंधन को चेताया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, तब तक पंचायत की ओर से परियोजना को किसी प्रकार का कोई सहयोग नहीं दिया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों ने रामपुर जल विद्युत परियोजना से भी लाडा की राशि न मिलने पर रोष जताया है।
पंचायत के ग्रामीणों ने साफ शब्दों में चेताया है कि जब तक रामपुर परियोजना से उन्हें प्राप्त होने वाली लाडा की राशि का भुगतान नहीं होता तब तक वे लूहरी परियोजना का कोई सहयोग नहीं करेंगे। पंचायत ने परियोजना को दी एनओसी तक निरस्त करने की चेतावनी दी है। दत्तनगर पंचायत में रविवार को आयोजित ग्राम सभा में ग्रामीणों ने 412 मेगावाट रामपुर परियोजना से लाडा की राशि का भुगतान होने पर रोष जताया। पंचायत प्रधान वीना, उप प्रधान ओम प्रकाश, वार्ड सदस्य विजय, रंजना, रीना, पूनम, प्रभा ठाकुर, रूप लाल, ओम प्रकाश सहित अन्य ग्रामीणों के अनुसार रामपुर जल विद्युत परियोजना प्रभावित इस पंचायत को अभी तक लाडा की राशि का केवल 65 लाख ही मिल पाया है, जबकि पंचायत को लगभग 17 करोड़ रुपये की राशि मिलनी है।
वहीं इस संबंध में परियोजना प्रबंधन ने राशि डीसी शिमला को भेजने की बात कही गई। इसके बाद पंचायत डीसी शिमला से मिली, लेकिन उन्होंने लाडा की 25 करोड़ रुपये की राशि जिलाधीश कुल्लू को भेजने की बात कही। अब डीसी कुल्लू के पास लाडा की यह राशि है और इसे परियोजना प्रभावित पंचायतों में आवंटित किया जाएगा, जबकि दत्तनगर पंचायत की पूरी तरह से अनदेखी की गई है।
लूहरी परियोजना में दत्तनगर पंचायत प्रभावित पंचायतों में शामिल है। परियोजना के साथ हुए करार के मुताबिक परियोजना में 70 फीसदी रोजगार प्रभावित पंचायतों को मिलना है, जबकि रोजगार के नाम पर इस पंचायत को दरकिनार किया जा रहा है। यही नहीं रोजगार देने के वक्त प्रभावित पंचायतों के प्रतिनिधियों को बुलाया जाना था, जबकि उस पर भी कोई अमल नहीं किया गया है।
पंचायत के सभी ग्रामीणों ने एकजुट होकर कहा कि जब तक रामपुर परियोजना से लाडा की राशि और लूहरी परियोजना में स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिलता तब तक पंचायत परियोजना का किसी भी तरह से सहयोग नहीं करेगी। यही नहीं मांगें न मानने पर पंचायत ने लूहरी परियोजना को सौंपी गई एनओसी भी निरस्त करने की चेतावनी दी है।