बजट के बावजूद नहीं लगे क्रैश बैरियर
कल्पा-रोघी मार्ग पर हो रही सड़क दुर्घटनाओं से लोगों में रोष
लोगों का आरोप, बजट के बावजूद विभाग कर रही अनदेखी
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)। कल्पा-रोघी मार्ग पर बजट का प्रावधान होने के बाद भी लोक निर्माण विभाग सुरक्षा के दृष्टिगत क्रैश बैरियर नहीं लगा पाया है। ग्रामीणों द्वारा समय समय पर क्रैश बैरियर लगाने की मांग उठाई जा रही है, लेकिन विभाग ग्रामीणों की ज्वलंत समस्या को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा।
जिले के कल्पा खंड के कल्पा-रोघी पांच किलोमीटर मार्ग पर बीते दिनों एक कार हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी। पंचायत प्रधान रोघी पद्म चंद भंडारी, शांति देवी नेगी, महिला मंडल प्रधान ठाकुर देवी नेगी, सदस्य शशिप्रभा नेगी, कृष्णचंद नेगी, टीका राम नेगी, भूपेंद्र नेगी और प्रेम प्रकाश नेगी सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से समय रहते रोघी सड़क पर क्रैश बैरियर लगाने की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग कल्पा के अधिशाषी अभियंता वीरेंद्र गुलेरिया ने कहा कि सड़कपर क्रैश बैरियर लगाने के लिए विभाग के पास बजट का प्रावधान है। पूर्व में टेंडर अलॉट कर कार्य ठेकेदार को सौंपा गया था। लापरवाह ठेकेदार के कार्य छोड़ने के चलते कार्य नहीं हो पाया। जल्द ही टेंडर लगाकर सड़क पर क्रैश बैरियर लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा।