ठियोग (रामपुर बुशहर)।
उपमंडल ठियोग के साथ लगती पीएचसी छैला में मरीजों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। आदेशों को यहां तैनात चिकित्सक अनदेखा कर रहे हैं। पीएचसी छैला में रोज सैकड़ों लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं। आदेशों को दरकिनार करते हुए पीएचसी छैला में तैनात चिकित्सक साल्ट न लिखते हुए दवाइयों की कंपनी के नाम से लिख रहे हैं, जिसका हर्जाना जनता को भरना पड़ रहा है।
26 फरवरी को पीएचसी में इलाज के लिए पहुंचे 30 वर्षीय महेंद्र, 54 वर्षीय लीला देवी के अलावा, 26 वर्षीय वरदान की पर्ची पर भी यह कारनामा किया गया। इस बारे में क्षेत्र के लोग कई बार बीएमओ से भी शिकायत कर चुके हैं। लेकिन कोई उचित कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा सकी है। क्षेत्र के लोगों ने डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस बारे में बीएमओ ठियोग डॉ. रमेश शर्मा ने बताया कि इस तरह का मामला उनके ध्यान में आया है। मामले की छानबीन कर जल्द उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।