आरएंडपी नियमों के अनुसार हों भर्तियां
अनुसूचित जाति शास्त्री अध्यापक बेरोजगार संघ ने उठाई मांग
कहा-प्रदेश में 75 प्रतिशत बेरोजगार शास्त्री हैं नॉन बीएड
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। अनुसूचित जाति शास्त्री अध्यापक बेरोजगार संघ रोहड़ू ने शास्त्री अध्यापकों की भर्तियां आरएंडपी नियमों के अनुसार करने की मांग उठाई है। संघ ने रोहड़ू में बैठक आयोजित कर लंबित पड़ी विभिन्न मांगों पर चर्चा की।
संघ के अध्यक्ष बाबू राम उखलाट ने बताया कि प्रदेश में 75 प्रतिशत बेरोजगार शास्त्री नॉन बीएड हैं। इसलिए संघ प्रदेश सरकार से मांग करता है कि बैकलॉग, बैचवाइज तथा प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड की ओर से की जा रही शास्त्री अध्यापकों की भर्तियों में आरएंडपी नियम को अमल में लाया जाए। सैकड़ों युवाओं ने वर्ष 2010 से पूर्व शास्त्री का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। लंबे समय से बेरोजगारी शास्त्री रोजगार की राह देख रहे हैं। ऐसे में आरएंडपी नियमों में कोई भी संशोधन नहीं किया जाना चाहिए। नियमानुसार ही शास्त्री अध्यापकों के पद भरे जाने चाहिए। नॉन बीएड शास्त्री को रोजगार मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी की अगर नॉन बीएड शास्त्री की अनदेखी की गई तो संघ मजबूरन न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा। इस मौके पर यशपाल, संजीव, लोकेंद्र, सुरेश कुमार, अनिल कुमार, बीना देवी, शशिकला, राजेंद्र सिंह संघ के कई सदस्य उपस्थित थे।