17 और 18 को लिए जाएंगे ऑडिशन
किन्नौर महोत्सव में लोक कलाकारों को मिलेगा मौका
सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक होंगे ऑडिशन
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर उपायुक्त सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव 2018 में लोक कलाकारों के चयन में पारदर्शिता बरती जाएगी। इसके लिए बचत भवन रिकांगपिओ में 17 और 18 अक्तूबर को जिला किन्नौर के इच्छुक कलाकारों के लिए ऑडिशन लिए जाएंगे। स्क्रीनिंग में जो कलाकार सफल होंगे, उन्हें ही महोत्सव में भाग लेने का मौका दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो भी इच्छुक कलाकार ऑडिशन में भाग लेना चाहते हैं, वे अपने द्वारा जारी एलबम, सीडी और वीसीडी के साथ 17 और 18 अक्तूबर को बचत भवन रिकांगपिओ में भाग ले सकते हैं। सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक ऑडिशन लिए जाएंगे। वहीं जिन कलाकारों ने टीवी, रेडियो, विभिन्न राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मेलों व उत्सवों में स्टार कलाकार के रूप में प्रस्तुति दी है, उन्हें ऑडिशन से छूट रहेगी। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01786-222263 पर संपर्क किया जा सकता है।