चकटी सड़क क्षतिग्रस्त, मरम्मत की मांग
ननखड़ी मार्ग के बंद होने का बढ़ा खतरा
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। ननखड़ी को जोड़ने वाली चकटी सड़क पर पत्थर गिरने से एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे कभी भी ननखड़ी सड़क बंद हो सकती है। इसके बारे में ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग को अवगत करवाया लेकिन इसके बारे में ठोस कदम नहीं उठाया गया। ऐसे में क्षेत्र की 17 पंचायतों के ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द चकटी सड़क का मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे। इसकी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी। गौरतलब है कि गत माह लोक निर्माण विभाग ने डोई गांव के लिए सड़क का निर्माण का कार्य शुरू किया था। इस दौरान स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क के निर्माण के लिए कुछ दिनों तक दोपहर दो से शाम सात बजे तक यातायात बंद भी किया था। सड़क के निर्माण के दौरान हुई कटिंग से भारी पत्थर चकटी सड़क पर गिरने से इसका एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि, आज कल चकटी सड़क पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है, लेकिन सड़क पर मलबे के ढेर लगे हुए हैं। हमेशा बस के पिछले टायर सड़क से बाहर हो जाते हैं, जिसके चलते यहां कभी भी हादसा होने का अंदेशा बना हुआ है।
स्थानीय गीता राम, कंवर सिंह चौहान, दयाल सिंह, रामदयाल, शेर सिंह, कौशल्या, पन्ना लाल, चेत राम, राजिंद्र सिंह, राजन, रवि, विवेक कश्यप, खेम मेहता, सुरेंद्र, राजीव चौहान, विक्रम और अविनाश का कहना है कि इस सड़क की खस्ता हालत को लेकर प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को अवगत करवाया गया, लेकिन अभी तक इसके बारे में उचित कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सेब का सीजन शुरू होने से पहले सड़क को दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस सड़क से रोजाना बेलूपुल, खनोग, शोली, चकटी, ननखड़ी, छलान, देलठ, करांगला, कुंठ, बेओठ सहित अन्य क्षेत्रों के हजारों लोग सफर करते हैं। उधर, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग पीआर नेगी ने बताया कि इसके बारे में उन्हें कोई सूचना नहीं है। अगर सड़क पर ऐसी कोई समस्या है तो उसे जल्द दुरुस्त कर दिया जाएगा।