रामपुर बुशहर।
दिव्यांगों के लिए कार्य कर रही सामाजिक संस्था कोशिश एक आशा ने रामपुर में सीनियर सिटीजन के लिए ओल्ड एज केयर सेंटर खोल कर सराहनीय कार्य किया है। केंद्र का शुभारंभ एसडीएम डॉ. निपुण जिंदल ने किया। इस केंद्र में सीनियर सिटीजन के मनोरंजन के लिए निशुल्क खेल का सामान, गीत एवं संगीत का प्रावधान और वाचनालय का प्रबंध किया गया है। यहां आने वाले बुजुर्गों की महीने में तीन बार निशुल्क स्वास्थ्य जांच भी की जाएगी।
एसडीएम ने संस्था की संस्थापक स्वाति बंसल की सराहना की। कहा कि रामपुर में इस प्रकार के केंद्र की आवश्यकता थी। कोशिश एक आशा की संस्थापक स्वाति ने बताया कि इस केंद्र को खोलने का उद्देश्य बुजुर्ग लोगों के प्रति सम्मान व्यक्त करना है। आज के परिवेश में बुजुर्गों की अनदेखी होने से वे अपने आप को असुरक्षित महसूस करते हैं। इस दौरान विक्रांत बिष्ट, पीएल गुप्ता, आत्मा राम केदारटा, कांता गुप्ता, डॉ. इंद्र राज गुप्ता, विनय गुप्ता भवानी दत्त शर्मा, धमन्यती नेगी, मधू विशेष रूप से मौजूद रहे।