ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। ऐतिहासिक उन्नू महादेव मंदिर ज्यूरी में मकर संक्रांति के उपलक्ष्य पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। मंदिर में सुबह चार बजे लोगों ने स्नान करना शुरू कर दिया था। यहां पर प्राकृतिक गर्म पानी के चश्मे हैं। मकर संक्रांति पर काफी संख्या में दूर-दूर से श्रद्धालुओं ने स्नान करने के बाद मंदिर में महादेव के दर्शन किए।
पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं को स्नान के लिए इंतजार भी करना पड़ा। उन्नू महादेव मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को खिचड़ी का विशेष प्रसाद बनाया गया था। कमेटी के सदस्य सुबह से ही खिचड़ी का प्रसाद बांटने में लगे रहे। उन्नू महादेव के महंत बाबा मस्तगिरी ने बताया कि उन्नू एतिहासिक तीर्थ स्थल होने की वजह से यहां पर हर वर्ष रामपुर, कुमारसैन, कुल्लू और किन्नौर क्षेत्र से सैकड़ों श्रद्धालु आते हैं। मदिर के प्रति लोगों की आस्था है। मंदिर कमेटी के प्रधान शिशुपाल धंगल ने बताया कि मंदिर की ओर से यहां आने वाले सभी श्रद्धालुओं को खिचड़ी का भोग बनाया गया। दिनभर लोगों ने मंदिर में शीश नवाया।