860 शिकायतों में से 182 शिकायतें निपटाईं
किन्नौर में जनमंच में प्राप्त हुई शिकायतों की हुई समीक्षा
प्रदेश सरकार जनमंच कार्यक्रम को लेकर सतर्क: बरागटा
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने कहा कि जिला किन्नौर में अब तक आयोजित जनमंच कार्यक्रम के तहत 860 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिसमें से 782 शिकायतों का निपटारा कर लोगों को लाभान्वित किया गया। वहीं शेष मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। बरागटा रिकांगपिओ के आईटीडीपी के सम्मेलन हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने बताया कि जिले में छह जनमंच कार्यक्रमों के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विभिन्न प्रमाण पत्र जारी कर लोगों को लाभान्वित किया गया। प्रदेश सरकार जनमंच को लेकर बहुत सतर्क है इसलिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ समन्वय स्थापित कर लोगों को सरकार द्वारा प्रदान की जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। प्रदेश में जनमंच कार्यक्रमों के माध्यम से अब तक 383 बेटी है अनमोल योजना के अंतर्गत लाभान्वित किए गए, डिजीटल राशन कार्ड 28440, गृहिणी सुविधा योजना के तहत 4879, जनधन योजना 8502 और 16701 किसान क्रेडिट कार्ड बना कर लोगों को लाभान्वित किया गया। इस मौके पर उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद, संयुक्त निदेशक ग्रामीण विकास ज्ञान सागर नेगी, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह अश्वनी कुमार, एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर, परियोजना अधिकारी डीआरडीए नवीन कुमार मौजूद रहे।