ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रतनपुर-मझेवली-शाह सड़क की खस्ताहाल से ग्रामीण और बागवान काफी परेशान हैं। करीब दो दशक पहले दोफदा तक सड़क खुलने के बावजूद आज तक सरकारी बसें दोफदा तक नहीं पहुंच पा रही हैं। पांच साल पहले सड़क को पक्का करने के लिए करीब 8 करोड़ का टेंडर हुआ है। क्षेत्र में सेब की हजारों पेटियां का उत्पादन होता है। कुछ ही दिनों में सेब का सीजन शुरू होने वाला है और बागवानों को सेब की फसल मंडियों तक ले जाने की चिंता सताने लगी है। वहीं रामपुर कालेज, दोफदा स्कूल और पंचायत आने जाने वाले ग्रामीणों को कई सालों से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पंचायत प्रधान आशु देवी, उप प्रधान प्यारे लाल किड्डा, रविंद्र कायथयान, ईश्वर, सुरेश, शमशेर, रविंद्र, सुंदर और नवीन के अनुसार लोक निर्माण की नाकामी का खामियाजा उन्हें झेलना पड़ रहा है। दो दशकों से शाह और दोफदा के बीच की पांच किलोमीटर सड़क को ठीक नहीं किया जा रहा है। इस सड़क को चौड़ा और पक्का करवाने के लिए पांच साल पहले करीब 8 करोड़ रुपये की राशि का टेंडर भी हो चुका है। बावजूद इसके लोनिवि इस सड़क को ठीक नहीं करवा पा रहा है। पूरी सड़क कीचड़ और झाड़ियों से भरी पड़ी है। थोड़ी सी भी बारिश होने के कारण सड़क में बस और दूसरे वाहन फंस जाते हैं।
वहीं आरएम रामपुर गुरवच्चन सिंह ने बताया कि शाह से ऊपर सड़क में कीचड़ और दलदल होने से बसें फंस रही है, जिसके कारण बस दोफदा तक न जाकर शाह तक ही जा पा रही हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग रामपुर के एसडीओ राजकुमार गौड़ के अनुसार सड़क को जल्द ही ठीक करवाकर बस और दूसरे वाहनों के चलाने योग्य बनाया जाएगा।