निरमंड स्कूल को ओवरऑल विजेता का खिताब
अंडर-19 छात्रा वर्ग में 275 छात्रा खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
वॉलीबाल में बागीपुल और कबड्डी में रंदल स्कूल ने मारी बाजी
अमर उजाला ब्यूरो
निरमंड (रामपुर बुशहर)। राजमाता शांतिदेवी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निरमंड में अंडर-19 छात्रा वर्ग की खेल स्पर्धा में निरमंड स्कूल ने ओवरऑल का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों की अध्यक्षता क्रम में खो-खो में सेवानिवृत्त सहायक अभियंता जनक राज, कबड्डी में निरमंड पंचायत उपप्रधान विकास शर्मा, वॉलीबाल में निरमंड कॉलेज कार्यकारी प्राचार्य संजीव बरशेटका और बैडमिंटन में नीटू शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विजेता टीमों को सम्मानित किया।
अंत में विकास शर्मा ने कबड्डी टीम को पुरस्कृत करते हुए महिला सशक्तीकरण पर बल देते हुए कहा कि आज देश में हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी भी पुरुषों से कम नहीं है। स्पर्धा के जोनल समन्वयक अमृत शर्मा ने बताया कि तीन दिन तक चली खंड स्तरीय छात्रा वर्ग की खेल प्रतियोगिता में 15 सरकारी और तीन निजी स्कूलों के करीब 275 खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। चयनित खिलाड़ी आगामी 6 से 8 जुलाई तक कुल्लू के नगर में होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
इस अवसर पर वॉलीबाल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बागीपुल ने पहला स्थान झटका। बागा सराहन ने दूसरा स्थान हासिल किया। कबड्डी में रंदल स्कूल प्रथम और निरमंड द्वितीय रहा। खो-खो में खरगा प्रथम और तवार वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ने दूसरा स्थान हासिल किया। बैडमिंटन में देओगी स्कूल प्रथम और अरसू स्कूल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। मार्चपास्ट में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निरमंड ने बाजी मारी। इस मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य योग राज ठाकुर, डीपीई अमृत चंद शर्मा और पीईटी रवि ठाकुर सहित कई अन्य शिक्षक मौजूद रहे।