रामपुर/ब्रौ। रामपुर और आसपास के इलाकों में नशे के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने जागरूकता रैलियों का आयोजन किया। स्कूली बच्चों ने जागरूकता रैलियों के माध्यम से लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्सू की एनएसएस इकाई की ओर से भाषण, पेंटिंग सहित कई अन्य प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गईं। स्कूल प्राचार्य तिलकराज शर्मा ने बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी धनवीर नेगी ने बच्चों को नशे से दूर रहने की अपील की। इस दौरान इको क्लब, एनएसएस और एनसीसी के छात्रों ने अर्सू बाजार में रैली निकाली। वहीं तहसील कल्याण विभाग रामपुर द्वारा स्कूली बच्चों के बीच नशा मुक्ति के विषय पर आयोजित स्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने खूब जौहर दिखाए। प्रतियोगिता में सनशाइन पब्लिक स्कूल रामपुर, कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रामपुर, पद्म छात्र स्कूल रामपुर, स्रिंग डेल पब्लिक स्कूल खनेरी, वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नोगली, डीएवी स्कूल रामपुर और साई विद्या पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। वरिष्ठ कनिष्ठ वर्ग की पेंटिंग प्रतियोगिता में सनशाइन स्कूल की कोमल अत्री ने पहला, डीएवी स्कूल की तनीषा ने दूसरा और साई विद्या स्कूल की अन्नया चाई ने तीसरा स्थान हासिल किया। वरिष्ठ वर्ग में स्रिंग डेल स्कूल खनेरी की छात्रा यशिका ने पहला, सनशाइन स्कूल के छात्र गौरव प्रताप सिंह ने दूसरा और स्रिंगडेल स्कूल की छात्रा प्रांजल जिष्टू ने तीसरा स्थान झटका। भाषण प्रतियोगिता में कन्या स्कूल रामपुर की छात्रा सुलक्षा ठाकुर ने पहला, सनशाइन के क्षितिज ने दूसरा और साई विद्या पब्लिक स्कूल की रीधिमा चाई ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इससे पूर्व स्कूली बच्चों ने पद्म स्कूल रामपुर से मुख्य बाजार होकर पुराने बस अड्डे तक जागरूकता रैली निकाली, जिसे एसडीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एसडीपीओ रामपुर अभिमन्यु वर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। अंत में मुख्यातिथि ने सभी विजेता छात्रों को सम्मानित भी किया। इस मौके पर तहसील कल्याण अधिकारी शशि ठाकुर और पीपी दुल्टा सहित अन्य स्कूलों के शिक्षक मौजूद रहे।
वहीं महात्मा गांधी चिकित्सा परिसर खनेरी में भी अस्पताल प्रशासन की ओर से डॉ. गुमान नेगी ने प्रशिक्षु नर्सों और तीमारदारों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। इस मौके पर डॉ. अहमद, मीना नेगी, मधु गौतम, शांति देवी और लता चौहान मौजूद रहे। वहीं रावमापा कुमारसैन के एनएसएस प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि नशे के इस्तेमाल और इसकी अवैध तस्करी रोकने के लिए विद्यालय के एनएसएस इको क्लब और स्काउट एंड गाइड सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने रैली निकाली। इस अवसर पर विद्यालय में नारा लेखन, निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। नारा लेखन में वरिष्ठ वर्ग में पहले स्थान पर नेहा शर्मा और कंचन ने दूसरा, कनिष्ठ वर्ग में अंकुश पहले, अनिता दूसरे और रिया वर्मा तीसरे स्थान पर रही। इस मौके पर कार्यकारी प्रधानाचार्य आशा ठाकुर, राजेश राजटा, इंदु शेखर, रीना शर्मा, रीता खेवटा, दीपक शर्मा, इंद्र सिंह, राजेंद्र ठाकुर, प्रीतम सेठी, कुलविंद्र, शीतल और अनिता सहित कई अन्य मौजूद रहे।