रामपुर बुशहर। रामपुर परियोजना की ओर से योग दिवस पर डीएवी पब्लिक स्कूल दत्तनगर में आयोजित स्लोगन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए मंगलवार को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख सुरेश ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
इस दौरान पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में पहली से दूसरी कक्षा में सृष्टि नेगी ने पहले स्थान पर बाजी मारी। काव्या ने दूसरा और काव्यांजलि ने तीसरा स्थान झटका। वहीं कक्षा तीसरी से पांचवीं तक की श्रेणी में वेदिका गुप्ता ने पहला, हार्दिक पूरी ने दूसरा और चंचल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं स्लोगन प्रतियोगिता में कक्षा छठी से आठवीं तक की श्रेणी में किरन टुडू ने पहला, तनीशा ने दूसरा और अंशिका ठाकुर ने तीसरा स्थान पाया।
कक्षा नौवीं से दसवीं तक की श्रेणी में ऋचा नेगी ने पहला, प्रांजल चौहान ने दूसरा और चंद्र किरण ने तीसरा स्थान झटका। वहीं 12 अन्य विजेताओं को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इस मौके पर वित्त एवं लेखा महाप्रबंधक श्रीवास्तव, विद्युत गुह महाप्रबंधक मनोज कुमार, मानव संसाधन अपर महाप्रबंधक सीएस यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक सुरी, उपमहाप्रबंधक अमन कटोच और डीके सिंह के अलावा परियोजना के कई अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।