दत्तनगर स्कूल में विद्यार्थियों को
बताया डायरिया से कैसे करें बचाव
निबंध, चित्रकला और नारा लेखन में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
सभी प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर लिया भाग
अमर उजाला ब्यूरो
नोगली (रामपुर बुशहर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वाधान में डायरिया से बचाव’ विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य निशा कुमारी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। स्कूल के हिंदी प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा ने बताया कि स्कूल परिसर में विज्ञान की अध्यापिका दीक्षिता शर्मा ने बच्चों को डायरिया के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को डायरिया के लक्षण और बचाव के उपाय के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।
वहीं इस दौरान अंतर सदनीय निबंध, चित्रकला और नारा लेखन स्पर्धा का आयोजन बिंदू कश्यप, रामकुमार, नीरु शर्मा और यज्ञदत्त की देखरेख में किया गया। निबंध लेखन में यशिका, दुपाक्षी, अनुराधा, विपाशा, परशीता, ईशानी और तनुजा नेगी ने भाग लिया। चित्रकला में दीपक, नेहा, लता, चेतन, मुस्कान, लक्ष्मी, चेष्टा और दावा अंगरूप ने, नारा लेखन में नेहा, श्रेया, शिवानी, जतिन, रीता, सृजना, कशिश, आरती, साज्ञी और शंकर ने हिस्सा लिया। अंत में प्राचार्य ने समस्त छात्रों को डायरिया रोग से कैसे बचें इसके बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता न होने के कारण कई प्रकार के रोग उत्पन्न होते हैं। ऐसे में रोगों से बचने के लिए स्वच्छता पर ध्यान देना अति आवश्यक है।