बिजली की लो वोल्टेज बनी आफत
दुराह पंचायत के चार गांव के ग्रामीण झेल रहे हैं परेशानी
रोष, शिकायत के बावजूद समस्या की हो रही अनदेखी
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। उप तहसील नित्थर की दुराह पंचायत के कतौहड़, लागौनी, कालीधार और चलौंन गांव के हजारों उपभोक्ता लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। बीते लंबे समय से पेश आ रही इस समस्या के कारण बच्चों की पढ़ाई काफी प्रभावित हो रही है। लोगों में रोष है कि इस संबंध मेें विद्युत बोर्ड आनी के अधिशासी अभियंता को शिकायत दी थी, लेकिन समस्या अभी तक बरकरार है।
मेहर चंद, सुषमा देवी, आगर दास, प्रकाश चंद, हीरा देवी, प्रेम, मोहर सिंह, विकास, रमेश, शेर सिंह, पिंकी, राजेश कुमार, जूही देवी, जीव दास, सुमित्रा, लीला देवी, श्याम लाल, प्रेम दास, कुमत राम, वेद प्रकाश, बालकृष्ण, हरू राम, राम दयाल, दुर्गा चंद, पूर्ण चंद, बेली राम, चूड़ा दत्त, वेद प्रकाश शर्मा, धर्मवीर, ताबे राम, शेष कुमार, दिला राम, जय सिंह और राम सिंह सहित कई अन्य ग्रामीणों के अनुसार बोर्ड की लापरवाह कार्यप्रणाली के चलते उन्हें काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। बिजली की कम वोल्टेज की समस्या बीते लंबे समय से चल रही है। लो वोल्टेज से बच्चों की पढ़ाई काफी प्रभावित हो रही है। लो वोल्टेज से घरों की ट्यूब तक नहीं जलती है। इस समस्या के बारे में अधिशासी अभियंता आनी को भी लिखित में शिकायत की गई थी। बावजूद आज तक इस समस्या के समाधान के लिए बोर्ड ने कोई पहल नहीं की। वहीं उन्होंने विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सड़कों पर उतर कर बोर्ड के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं इस संबंध में विद्युत बोर्ड आनी के अधिशासी अभियंता एसआर ठाकुर के अनुसार हाल ही में ग्रामीणों की शिकायत मिली है। शिकायत पत्र को सब डिवीजन नित्थर भेज दिया गया है। समस्या जांचने के बाद यदि अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की जरूरत हुई तो उसे लगवा कर ग्रामीणों की समस्या दूर कर दी जाएगी।