ज्यूरी(रामपुर बुशहर)। ज्यूरी के पास एक बजे से नेशनल हाईवे-5 बंद होने से स्कूली बच्चों, यात्रियों और पर्यटकों को परेशान होना पड़ा। नेशनल हाईवे को चौड़ा करने के नाम पर हेवी ब्लास्टिंग करने से सड़क कई घंटे बंद हो रही है। नेशनल हाईवे बंद होने से एंबुलेंस में मरीज, बसों के यात्री और देश विदेश से आने वाले पर्यटक तपती गर्मी में बेहाल हुए। मंगलवार को भी दोपहर करीब डेढ़ बजे ब्लास्टिंग करने से पहाड़ी का काफी बड़ा हिस्सा सड़क में गिरने के कारण यातायात करीब 6 घंटे पूरी तरह ठप रहा। जिससे किन्नौर से मरीजों को लेकर आ रही दो 108 एंबुलेंस भी फंस गईं। एक एंबुलेंस के मरीज को ट्रांसमिट कर रामपुर भेजना पड़ा जबकि दूसरी एंबुलेंस सड़क खुलने तक वहीं फंसी रही। सड़क बंद होने से स्कूली छात्र भी घंटों जाम में फंसे रहे।
नाथपा झाकड़ी विस्थापित कल्याण समिति के प्रधान भगत राम भारती, जीवा नंद शर्मा, चेत राम, रवि, सुनील, वेद, पंकज, राम लाल, प्रवीण, सनम लाल और केदार यादव ने बताया कि सड़क में ब्लास्टिंग रात के समय में होनी चाहिए। उधर, एसडीओ नेशनल हाईवे आनंद शर्मा ने बताया कि चट्टानों को हटाने के लिए हैवी ब्लास्टिंग करनी पड़ी। बंद सड़क को जल्द बहाल कर दिया जाएगा।
वहीं एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने बताया कि दिन में ब्लास्टिंग कम हो, इसके लिए विभाग से बात करेंगे ताकि आम लोग और पर्यटक परेशान न हों।