आनी(कुल्लू)। पंचायत समिति आनी की त्रैमासिक बैठक मंगलवार को समिति सभागार में आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता बीडीसी अध्यक्ष अंजना भारती ने की। इस मौके पर बीडीओ हरि सिंह ठाकुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा समिति सदस्यों और नामित सदस्यों ने भाग लिया। बैठक की कार्यवाही का संचालन पंचायत निरीक्षक जयगोपाल गौतम ने किया। बैठक में सर्वप्रथम गत बैठक के मुद्दों पर चर्चा की गई और संबंधित विभागाध्यक्षों से जन समस्याओं को जल्द सुलझाने का आग्रह किया गया। वहीं बैठक में पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर बीडीसी अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा की गई और समस्याओं को जल्द सुलझाने के लिए संबंधित विभागाध्यक्षों को सौंपा गया। उन्होंने सभी अधिकारियों से पंचायत समिति की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुलझाने की अपील की। बैठक में समिति सदस्य गोयला आजाद ने खैनवी कैंची से वांशा सड़क को पक्का करने, कमलीं देवी ने शमशर से दलाश सड़क को पक्का करने और कला सागर ने जाबन पंचायत में पेयजल की पुरानी पाइपों को बदलने की मांग उठाई। जिला परिषद सदस्य लोकेंद्र कुमार, समिति सदस्य संदीपना ने भी अपनी समस्या को प्रमुखता से रखा। बैठक में आनी की स्वच्छता को लेकर भी चर्चा की गई। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य ममता ठाकुर, लोकेंद्र कुमार, बीएमओ डॉ. ज्ञान ठाकुर, मुख्य सेविका अरुणा महंत, एसडीओ केएल सुमन, केहर सिंह, नरेंद्र नेगी, डॉ. देवेंद्र, दिनेश, बीसी गौतम, जितेंद्रा आनंद, वन रेंजर विनोद, अरुण, बीडीसी सदस्य कला सागर, गोयला आजाद, कमली देवी, प्रतिमा सुमन, संदीपना, गोपाल और गुड्डी देवी सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।