जुब्बल नगर पंचायत में कचरा
प्रबंधन के लिए वाहन का प्रबंध
कचरे को वाहन में बस्ती से दूर ले जाकर किया जाएगा डंप
नपं अध्यक्ष ने कूड़ेदान में ही कचरा फेंकने का किया आग्रह
अमर उजाला ब्यूरो
जुब्बल/रोहड़ू। कचरा प्रबंधन के लिए जुब्बल नगर पंचायत की ओर से निजी वाहन का प्रावधान किया गया है। अब वाहन से कचरे को बस्ती से दूर ले जाकर डंप किया जाएगा। इस कवायद का शुभारंभ सोमवार को नगर पंचायत जुब्बल के अध्यक्ष बृज लाल ने किया।
नपं अध्यक्ष बृज लाल ने बताया कि वाहन में नगर पंचायत के सभी सात वार्डों का कचरा उठाया जाएगा। जिससे नगर में स्वच्छता बनी रहेगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि यहां-वहां कचरा न फेंके। सभी वार्डों में कचरा फेंकने के लिए कूड़ेदान लगाए गए हैं। इसलिए सिर्फ कूड़ेदान में ही कचरा डालें। जिससे नगर में स्वच्छता बनाई जा सके। कचरा प्रबंधन वाहन के माध्यम से कूड़े को नगर से बाहर नष्ट किया जाएगा। इस अवसर पर नमामी गंगे योजना के कार्यकर्ता लक्ष्मी कांत मोक्टा, प्रताप उम्टा सहित वार्ड के सदस्य भी उपस्थित थे।