छात्रों को बताए नशे के दुष्प्रभाव
एंटी ड्रग फोर्स ने अढ़ाल स्कूल में बच्चों को किया जागरूक
ग्रामीणों से नशे के खिलाफ एकजुट होने का किया आह्वान
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। एंटी ड्रग फोर्स रोहड़ू की ओर से शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल अढ़ाल में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीएसपी रोहड़ू अनिल शर्मा विशेष रुप से मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम मेहता ने छात्रों को नशे के प्रति जागरूक किया।
इस मौके पर डीएसपी रोहड़ू अनिल शर्मा ने कहा कि युवा वर्ग नशे की दलदल में फंसता जा रहा है। जिससे युवा पीढ़ी का भविष्य संकट में आ गया है। नशे का शरीर व मस्तिष्क पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। इसलिए नशे को खत्म करने के लिए विद्यार्थियों को स्वयं आगे आना होगा। नशे के खिलाफ मुहिम को सुदृढ़ करने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्कूलों में जाकर युवाओं को जागरूक किया जा रहा है। नशे से दुष्प्रभावों से छात्रों को अवगत करवाया जा रहा है।
अढाल गांव के वरिष्ठ नागरिक भगत सिंह ने बताया कि गांवों में कई युवा नशे के दलदल में फंस चुके हैं। जो काफी चिंता का विषय है। इसके सभी ग्रामीणों को नशे के खिलाफ एकजुटता के साथ काम करना होगा। एडीएफ की सदस्य रंजीता चौहान ने भी छात्रों को जागरूक किया। इस अवसर पर अढाल पंचायत के उपप्रधान रविंद्र ठाकुर, एडीएफ रोहड़ू के अध्यक्ष हरविंदर वालिया, उपप्रधान आशा रिठवान, उर्मिला ब्राक्टा और रोजी पुहारटा मौजूद रहे।