लोकनृत्य में दुर्गा, समूह गान
में नागिन युवा क्लब रहा प्रथम
निचार में दो दिवसीय युवा उत्सव धूमधाम से संपन्न
वन निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने नवाजे मेधावी क्लब
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग किन्नौर की ओर आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव प्रतियोगिता का समापन निचार के निगानी गांव में हुआ। समापन अवसर पर प्रदेश वन निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी किन्नौर गंगा लाल नेगी ने कहा कि इस दो दिवसीय युवा उत्सव प्रतियोगिता में किन्नौर जिले के विभिन्न क्लबों से 400 प्रतिभागियों ने भाग लिया। लोकनृत्य प्रतियोगिता में दुर्गा सांस्कृतिक क्लब कोठी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इस पर क्लब को 15 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं द्वितीय स्थान पर रहने वाले नागिन युवा क्लब पानवी को 10 हजार और ट्रॉफी, तृतीय स्थान पाने वाले बद्री यंग स्पोर्ट्स क्लब उरनी को 5 हजार और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया। समूह गान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने पर नागिन युवा क्लब पानवी को 10 हजार और ट्रॉफी, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले दुर्गा सांस्कृतिक क्लब कोठी को 8 हजार और ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया गया। वाद्य यंत्र प्रतियोगिता में पहला स्थान नागिन युवा क्लब पानवी और द्वितीय स्थान दुर्गा सांस्कृतिक क्लब कोठी ने पाया। दोनों विजेता क्लबों को 10 और 8 हजार रुपये के नकद पुरस्कार और ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्यातिथि सूरत नेगी ने पुरस्कृत किया। उन्होंने जनजातीय जिले की संस्कृति को बचाए रखने का सभी से आह्वान किया। वहीं इस मौके पर हस्तशिल्प एवं हस्तकरघा प्रदेश निदेशक बलदेव नेगी, जिला परिषद उपाध्यक्ष मीनाक्षी, निचार प्रधान बसंती, उप प्रधान राजपाल नेगी सहित विभिन्न क्लबों से आए सदस्यों ने भाग लिया।