वॉलीबाल में मझोली टिप्पर को
हराकर खमाड़ी की टीम जीती
स्थानीय विधायक ने विजेता टीमों को किया सम्मानित
वॉलीबाल प्रतियोगिता में 18 टीमों ने दिखाया दमखम
अमर उजाला ब्यूरो
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील की खमाड़ी पंचायत में बिरशी मेले के मौके पर युवक मंडल की ओर से आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता समाप्त हो गई। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर रामपुर विधानसभा के विधायक नंद लाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस प्रतियोगिता में खमाड़ी टीम ने मझोली टिप्पर को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं विधायक ने युवक मंडल के लिए कई घोषणाएं भी कीं।
युवक मंडल के प्रधान अभिषेक चौहान ने बताया कि वॉलीबाल प्रतियोगिता में क्षेत्र की 18 टीमों ने भाग लिया और अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। अपने संबोधन में मुख्यातिथि ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए युवक मंडल को बधाई दी और ऐच्छिक निधि से 25 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने खेल मैदान के जीर्णोद्धार के लिए युवक मंडल खमाडी को एक लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने प्रतियोगिता की विजेता खमाड़ी टीम को 18 हजार, ट्रॉफी और उप विजेता मझोली टिप्पर टीम को 9 हजार के नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। वहीं इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष विजय कनैन, युवा कांग्रेस अध्यक्ष जसवीर ठाकुर, कांग्रेस महासचिव अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, राजीव ठाकुर, खमाड़ी पंचायत प्रधान कल्पा मेहता, उपप्रधान गोपाल मेहता, मझोली टिप्पर पंचायत प्रधान सीमा कांत, उपप्रधान तस्वीर ठाकुर, कलेड़ा मझेवटी प्रधान लाजवंती, सतीश चाई, केदार चौहान, एसएमसी प्रधान मोहन लाल, युवक मंडल उपाध्यक्ष टोनी और सचिव अमित सहित अन्य मौजूद रहे।