सांगला में सड़क की खुदाई बनी आफत, लग रहा जाम
पर्यटकों सहित ग्रामीणों को झेलनी पड़ रही काफी परेशानियां
इस दिनों घाटी में आ रहे सैलानी घंटों समस्या से जूझ रहे
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल सांगला में इन दिनों पर्यटन सीजन चरम सीमा पर है। वहीं सांगला के खरोगला से कुपा तक आईपीएच विभाग की ओर से पाइपों को बिछाने के लिए की जा रही खुदाई पर्यटकों और ग्रामीणों के लिए आफत बनी हुई है। इन दिनों पर्यटकों और आम जनता को आए दिन घंटों जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
सांगला के थापासरिंग के आसपास मार्ग पहले से ही संकीर्ण है, वहीं ठेकेदारों की मनमानी से सड़क के किनारे बार-बार की जा रही खुदाई सांगला वैली के लोगों सहित देश विदेश से किन्नौर की सुंदरता को निहारने पहुंच रहे सैलानियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।
सांगला क्षेत्र के प्रभाकर नेगी, पवन कुमार नेगी, राम लाल नेगी, रामकुमार नेगी, अमन नेगी, सतीश, देवेंद्र नेगी, जीतराम, प्रेम कुमार, यशपाल सिंह, राजेश नेेगी, पर्यटक दिशा, हेमंत शाह, अमित जैन, विवेक शर्मा, अमित, एलपीस परमार, जैसमीन, हर्षित कुमार, राजीव, ईशा, दीपक और शरद भारद्वाज ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि पर्यटन सीजन चरम सीमा होने के चलते इस तरह के कार्य न करवाए जाएं। सड़क किनारे पानी के पाइप बिछाए जा रहे हैं तो साथ-साथ काम पूरा निपटा भी दिया जाए। मलबा सड़क के किनारे न रखा जाए।
वहीं इस संबंध में लोक निर्माण विभाग भावानगर के अधिशासी अभियंता आरएल चौहान ने कहा कि आईपीएच विभाग को गहरी खुदाई न करने की हिदायत दी गई है, विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। वहीं आईपीएच विभाग रिकांगपिओ के अधिशासी अभियंता उदय सिंह बौद्ध के अनुसार सड़क का रखरखाव हमारी भी नैतिक जिम्मेवारी है, लेकिन सिंचाई पाइपों को बिछाने का कार्य भी जरूरी है। जहां-जहां खुदाई हो रही है, वहां साथ-साथ में मिट्टी डालकर पाइपों को दबाकर सड़क दुरुस्त रखी जाएगी।