निरमंड (कुल्लू)। निरमंड तहसील के कई इलाकों में सोमवार शाम को चले अंधड़ से सेब, नाशपाती, प्लम और खुमानी की करीब 60 फीसदी फसल क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। ऐसे में इस बार अच्छी फसल की उम्मीद लगाए बैठे बागवानों की सारी उम्मीदें धरी की धरी रह गईं हैं।
सोमवार शाम को निरमंड तहसील के तहत आने वाले पुजारली, कुटवा, धार, सुनैर, खनोटा, टिकरी, डूगा, शोहच, देथवा और लावट क्षेत्र में सेब की फसल को भारी क्षति पहुंची है। उक्त क्षेत्र के बागवानों मनमोहन शुक्ला, यश पाल, दुर्गा देव, नानक वर्मा, गीतेंद्र, ठाकुर दास, भाग चंद, मनसा राम, बिहारी लाल, कृष्ण ठाकुर, टीआर शर्मा, दिनेश सहित अन्य के अनुसार सोमवार रात को आए अंधड़ ने चंद मिनटों में ही सेब सहित अन्य फसलों को धराशायी कर दिया है। पेड़ पर लगे सेब जमीन पर गिर गए। प्रभावित बागवानों ने प्रदेश सरकार और बागवानी विभाग से बागवानों की फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।