रस्साकशी में महिला मंडल कौंथडू ने मारी बाजी
दो दिवसीय सिराज उत्सव में लोक कलाकारों ने खूब बांधा समा
अंडर-19 कबड्डी स्पर्धा में नारकंडा ने झटका पहला स्थान
तीन किलोमीटर रेस में नितेश और प्रियंका ने सबको पछाड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। नारकंडा के धोमड़ी में आयोजित दो दिवसीय सिराज उत्सव में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में नाटी डालकर समा बांधा। उत्सव के समापन समारोह में ब्लूम कंपनी के निदेशक नरेंद्र आनंद ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। सिराज स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष नरेश कैंथला ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित रस्साकशी स्पर्धा में महिला मंडल कौंथडू ने पहला और महिला मंडल कनरोट ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
क्लब के अध्यक्ष नरेश कैंथला ने बताया कि नारकंडा के ऐतिहासिक धोमड़ी मैदान में कबड्डी और एथलेटिक्स की अंडर-19 और अंडर-14 प्रतियोगिताओं में क्षेत्र के 15 स्कूलों के करीब 400 प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया। इलाके की 15 महिला मंडलों की कार्यकर्ताओं ने रस्साकशी स्पर्धा में भाग लिया और पहाड़ी वेशभूषा में विशेष नाटी डाली। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रसिद्ध लोक गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से धमाल मचाया। अंडर-19 कबड्डी स्पर्धा के छात्र वर्ग में राजकीय वरिष्ठ पाठशाला नारकंडा ने पहला, राजकीय वरिष्ठ पाठशाला कोट शिलारू ने दूसरा और छात्रा वर्ग में कोट शिलारू ने पहला और विद्या निकेतन नारकंडा ने दूसरा स्थान झटका। वहीं अंडर-14 छात्र वर्ग कबड्डी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नारकंडा ने पहला, हिल टॉप पब्लिक स्कूल नारकंडा ने दूसरा और छात्रा वर्ग में कोट ने पहला व वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नारकंडा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीन किलोमीटर रेस में छात्र वर्ग में नितेश ने पहला, विमल ने दूसरा और छात्रा वर्ग में प्रियंका ने पहला और पलक ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। लोक नृत्य में हिल टाप स्कूल नारकंडा ने पहला और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नारकंडा ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं इस मौके पर देवराज भारद्वाज, अमर सिंह नलवा, रीना ठाकुर, हरीश भ्रोटा, आरती निर्मोही, नेहा धर्मा, मीना जरेट, कमलेश कैंथला, राज कंवल, हरिदत्त भ्रोटा, दलीप जरेट, अरूणा चौहान, शक्ति सिंह चंदेल और विकास कंवर सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे।