रामपुर बुशहर। बीते डेढ़ वर्ष से अल्ट्रासांउड करवाने की समस्या से जूझ रहे मरीजों को अब राहत की खबर आई है। लंबे अरसे बाद महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती हो गई है। चार जिलों के हजारों लोगों को अब निजी संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। अब अस्पताल परिसर में ही मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने की सुविधा मिलेगी।
शिमला, किन्नौर, कुल्लू और मंडी जिले से रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को अब राहत मिलेगी। जल्द ही मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। 1000 की ओपीडी वाले खनेरी अस्पताल में पहुंचने वाले मरीजों को रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण निजी क्लीनिकों में जोकर महंगे दामों पर अल्ट्रासाउंड करवाने पड़ रहे थे। अल्ट्रासाऊंड करवाने में सबसे अधिक परेशानियां गर्भवती महिलाओं को झेलनी पड़ रही थी। निजी क्लिनिकों में जहां अल्ट्रासाउंड के 700 से 800 रुपये खर्च करने पड़ते हैं, वहीं अब अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने से मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के 200 से 250 रुपये देने होंगे।
खनेरी अस्पताल के कार्यकारी एसएस डॉ. सुनील शर्मा ने बताया कि अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती कर दी गई है। जल्द ही अस्पताल परिसर में मरीजों के अल्ट्रासाउंड करवाने की सुविधा शुरू हो जाएगी।