प्रश्नोत्तरी स्पर्धा में सुभाष सदन रहा अव्वल
दत्तनगर स्कूल में बैग फ्री डे पर हुई प्रतियोगिता
विभिन्न स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने दिखाए जौहर
अमर उजाला ब्यूरो
नोगली (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर में आयोजित बैग फ्री डे की धूम रही। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल प्राचार्य निशा कुमारी ने किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं ग्रीन पीस ईको क्लब के तत्वाधान में विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
इस अवसर पर सामान्य ज्ञान, चित्रकला, नशा निवारण और तंबाकू निषेध विषय पर नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा के जौहर दिखाए। सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सुभाष सदन ने पहला, जबकि इंदिरा सदन ने दूसरा स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने नशा निवारण और तंबाकू निषेध विषय पर नारा लेखन के माध्यम से सभी को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया और नशे से दूर रहने की अपील की। वहीं, कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में छात्रों ने भांग उखाड़ो अभियान और सफाई अभियान भी चलाया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथि ने सभी विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी जीवन में सभी को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों मे बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। इससे छात्रों का सर्वांगीण विकास संभव है।
इस अवसर पर खुशबू, ईशा, जय किशन, अविनाश, अमन, छेरिंग, मोनिका, प्रीति, दीपक, अनिकेत, यशिका, आरुषी, स्वाति, शंकर, मनीष, डिंपल, नीरज, पीयूष, राजकुमार, दिव्या, सुहाना, सृष्टि, रिया, कशिश, स्नेहा, आरती, साक्षी, प्रिया, तनुजा, लता, अदिति, दीक्षा और चेष्ठा सहित अन्य मौजूद रहे।