रोहड़ू और जुब्बल-कोटखाई से शिमला पहुंचाईं ईवीएम
कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह करीब नौ बजे स्ट्रांग रूम से कीं रवाना
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। विधानसभा क्षेत्र रोहड़ू और जुब्बल-कोटखाई में मतदान के बाद मतगणना के लिए ईवीएम कड़ी सुरक्षा के साथ शिमला के लिए भेज दी गई हैं। मशीनों को रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे रोहड़ू के स्ट्रांग रूम से वाहनों में क्रमवार रखा गया। मतदान के बाद पूरी रात सुबह के समय तक ईवीएम और वीपीपैट मशीनों को रोहड़ू और जुब्बल के स्ट्रांग रूम में रिसीव किया गया।
मशीनों की सुरक्षा के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान पहले से स्ट्रांग रूम के बाहर तैनात थे। निर्वाचन विभाग की टीम ने चुनाव के लिए तैनात कर्मचारियों से पूरी औपचारिकता के बाद मशीनों को कब्जे में लिया। सुबह रोहड़ू और जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथों से मशीनें पहुंचने के बाद इनको अलग-अलग वाहनों में सुरक्षित शिमला के धामी पहुंचाया गया है। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम रोहड़ू बीआर शर्मा ने बताया कि सभी मशीनों को यहां से सुरक्षित शिमला पहुंचा दिया गया है। जिला शिमला के सभी मतदान केंद्रों की मतगणना 23 जून को शिमला के धामी में होगी।