नेरवा। पशुपालन विभाग की एक टीम ने ग्राम पंचायत धार चांदना का दौरा कर कुत्तों के संपर्क में आए पालतू पशुओं को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाने शुरू कर दिए हैं। बीते दो माह से धार चांदना पंचायत के विभिन्न गांवों में कुत्तों के आतंक से लोग काफी परेशान हैं। लोगों का दावा है कि कुत्ते के काटे जाने पर एक बुजुर्ग रेबीज की चपेट में भी आ चुका है और उसका इलाज न होने पर आईजीएमसी शिमला से वापस घर भेजा गया है।
स्थानीय उपप्रधान नाग चंद ने भी कुत्तों के इस आतंक की सूचना एसडीएम चौपाल अजीत भारद्वाज को दी थी। प्रशासन की ओर से इस पर कड़ा संज्ञान लेते लिया गया और स्वास्थ्य विभाग व पशुपालन विभाग को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए। एसडीएम के निर्देश पर बुधवार को पशुपालन विभाग की टीम ने धार चांदना का दौरा कर 18 पालतू, सात आवारा कुत्तों को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए गए।
पशुपालन विभाग की टीम में चिकित्सा अधिकारी पौड़िया डॉ वरुण, चिकित्सा अधिकारी कुपवी डॉ विश्वजीत, पशुपालन सहायक मान सिंह, फार्मासिस्ट अनिल कुमार और राजेंद्र शामिल रहे । डॉ विश्वजीत ने बताया कि कुत्तों के संपर्क में आए सभी कुत्तों को एंटी रेबीज इंजेक्शन दे दिए गए हैं। वैक्सीन की और डिमांड भेज कर धार चांदना में तैनात कर्मचारी को शेड्यूल के आधार पर इंजेक्शन लगाने की हिदायत दे दी गई है। उन्होंने लोगों को कुत्तों के संपर्क में आने के बाद बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।