आनी (कुल्लू)। लोकतंत्र में मताधिकार को लेकर जन-जन मेें जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से स्वीप टीम आनी ने नेहरू युवा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आनी खंड के विभिन्न स्कूलों में मतदाता जागरूकता अभियान छेड़ा। इस दौरान छात्रों को मतदान संबंधी संकल्प पत्र और प्रचार प्रसार सामग्री भी बांटी गई।
स्वीप टीम के नोडल अधिकारी प्रो. अशोक शर्मा ने बताया कि स्वीप टीम ने मंगलवार को राजकीय प्राथमिक पाठशाला ढैर, माध्यमिक पाठशाला सोईधार, महिला मंडल गोहाण और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दलाश में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। स्वीप टीम के सदस्यों ने छात्रों को इस बार के लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान करने को लेकर प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि इस जागरूकता अभियान में उन पोलिंग बूथों के अंतर्गत आने वाले मतदाताओं को स्कूली बच्चों और महिला मंडल की ओर से विशेष रूप से जागरूक किया गया, जहां वर्ष 2014 के आम चुनाव में मतदान की प्रतिशतता बहुत ही कम रही। इस अभियान के तहत महिला मंडल गोहाण की महिलाओं को भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मतदान पर आधारित चित्रकला, भाषण और नारा लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इस मौके पर स्वीप के सदस्य राकेश ठाकुर, टिंकू शर्मा, संतोष शर्मा, विनोद आचार्य, रतनेश शर्मा, विद्या देवी, हीरा सिंह, बलदेव, दलीप शर्मा, महिला मंडल प्रधान देवेंद्रा शर्मा, सपना शर्मा और पिंकू शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।