गीता बनी सरस्वती विद्या
मंदिर कुमारसैन की अध्यक्ष
विद्या मंदिर कुमारसैन में मातृ सम्मेलन का आयोजन
महिलाओं से की सामाजिक कार्यों में भाग लेने की अपील
अमर उजाला ब्यूरो
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुमारसैन में सोमवार को मातृ सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के मार्गदर्शन अश्विनी सोनी, अध्यक्ष देवी चंद ठाकुर और उपाध्यक्ष रमेश मेहता विशेष रूप से मौजूद रहे।
मुख्य वक्ता के तौर पर हिमाचल शिक्षा समिति की बालिका शिक्षा प्रमुख एवं सरस्वती विद्या मंदिर विकासनगर की प्रधानाचार्य अमिता भारद्वाज ने महिलाओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम में करीब तीन सौ महिलाएं मौजूद रही। सरस्वती विद्या मंदिर कुमारसैन के प्रधानाचार्य दीपक ठाकुर ने सभ्य समाज के निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका पर विचार रखे।
वहीं इस अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर कुमारसैन में मातृ भारती का गठन किया गया। जिसमें गीता को अध्यक्ष, रीना को उपाध्यक्ष, सोनम को सचिव, इंदु को सह सचिव और भारती को कोषाध्यक्ष चुना गया।