पारा चढ़ते ही कुफरी में पर्यटकों का लगा तांता
बेतरतीब पार्किंग से लग रहा है घंटों जाम, लोग परेशान
कुफरी में छह जवान दे रहे हैं सेवाएं : एसएचओ
अमर उजाला ब्यूरो
ठियोग (रामपुर बुशहर)। मैदानी इलाकों में बढ़ रहे तापमान को देख इन दिनों सैलानी पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। वहीं पर्यटन स्थल कुफरी में भी पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ रही है। सोमवार को यहां आए सैकड़ों वाहनों के कारण कुफरी बाईपास पर लंबा जाम लगा। हालांकि इस मौके पर स्थानीय युवा जाम को खुलवाते नजर आए।
कुफरी में सड़क चौड़ी होने के कारण बाहरी राज्यों से आने वाले सैलानी बेतरतीब तरीके से वाहनों को पार्क कर रहे हैं, जिसके चलते पूरा दिन जाम की समस्या पेश आ रही है। यहां गाइड का काम करने वाले गोलू वर्मा के अनुसार कुफरी में हजारों की संख्या में रोजाना सैलानी पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की सुविधा के लिए यहां एक पार्किंग होनी चाहिए। इसके अलावा बेतरतीब ढंग से पार्क वाहनों के चालान काट कर निजात पाई जा सकती है। दिल्ली से आए पर्यटक अभय ने बताया कि वह पहली बार कुफरी पहुंचे हैं। यहां आकर उन्हें काफी अच्छा लगा, हालांकि चीनी बंगला में घोड़ों के कारण पर्यटक जाम में फंसे रहे।
उधर, इस संबंध में ढली थाना प्रभारी राजकुमार के अनुसार कुफरी में पुलिस के छह जवानों से सेवाएं ली जा रही है। कुफरी बाईपास पर भी अब जल्द ही एक जवान की तैनाती कर दी जाएगी।