फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

काशापाट में मकान राख, दो परिवार हुए बेघर

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

तकलेच (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल की दुर्गम पंचायत काशापाट में शनिवार रात को एक मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया। इस घटना में मकान के चार कमरे और दो रसोईघर जलकर राख हो गए हैं। उक्त घटना से दो भाइयों का परिवार बेघर हो गया है। मकान में दो भाई राकेश कुमार और राज कुमार, पुत्र फागीराम, गांव काशापाट अपने परिवार सहित रहते थे। वहीं प्रशासन ने प्रभावित परिवार को 4-4 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी की है।
विज्ञापन

सूचना के मुताबिक काशापाट में शनिवार रात 11 बजे एक मंजिला मकान में अचानक आग लग गई, जिस वक्त यह हादसा हुआ दोनों भाई घर से बाहर गए थे। घर पर केवल राजकुमार की दो बेटियां और उनका एक भाई था। छोटा भाई अपने दोस्त के घर गया था, जबकि रात को जब घर में आग लगी तो दोनों बेटियां एक कमरे में सोई हुई थीं। आग पहले एक कमरे में लगी, फिर उसके बाद आग बेकाबू हो गई। तब तक इस आगजनी का किसी को पता नहीं था। एक कमरे की खिड़की पर एक प्लास्टिकनुमा पर्दा लगा था, जब इस पर्दे ने आग पकड़ी तो वह पिघलकर सोई हुई लड़की की बाजू पर गिरा तो उसकी नींद टूटी। उसने देखा कि साथ लगे कमरे से धुंआ और आग निकल रही है। उसने तुरंत अपनी बड़ी बहन को उठाया और दोनों घर से बाहर भाग गईं। इसके बाद उन्होंने इस घटना की सूचना आसपास के लोगों को दी। जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते, तब तक बहुत देर हो गई थी। आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया था और देखते ही देखते मकान राख में तबदील हो गया। इस घटना की सूचना पंचायत उप प्रधान रामरत्न ने स्थानीय प्रशासन को दी। प्रशासन की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है। इस संबंध में तहसीलदार रामपुर विपिन ठाकुर के अनुसार आगजनी में चार कमरे और दो रसोईघर आग की भेंट चढ़ गए हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को तिरपाल और 4-4 हजार रुपये की फौरी राहत जारी की गई है। नुकसान का आकलन करने के लिए मौके पर टीम भेजी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें