बिना किसी दबाव व निर्भीक होकर करें काम
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव अधिकारियों को दिए निर्देश
19 को प्रात: 6 बजे एजेंटों की उपस्थित में होगी मॉकड्रिल : सुरेंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिला मुख्यालय रिकांगपिओ स्थित बचत भवन में बुधवार को पीठासीन एवं सहायक पीठासीन अधिकारियों सहित कर्मचारियों को दूसरे चरण का पूर्वाभ्यास करवाया गया। पूर्वाभ्यास की अध्यक्षता सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी कल्पा सुरेंद्र ठाकुर ने की ।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र से इस बार 17 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं इस कारण मतदान के लिए दो वैलेट यूनिट प्रयोग में लाई जाएंगी। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों, सहायक पीठासीन अधिकारियों सहित अन्य कर्मचारियों से बिना किसी दबाव व निर्भीक होकर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्य करने को कहा।
उन्होंने कहा कि मतदान के सफलता के लिए आयोग द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं और मतदान प्रक्रिया को अमलीजमा पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उपस्थित कर्मचारियों और अधिकारियों को वीवीपैट, ईवीएम और कंट्रोल यूनिट के संचालन के बारे में जानकारी दी। यदि मॉक पोल के दौरान ईवीएम, वीवीपैट मशीन या कंट्रोल यूनिट में कोई खराबी आए तो वे तत्काल संबंधित सेक्टर अधिकारी और सेक्टर मैजिस्ट्रेट को सूचित करें। इसके बारे वे मुख्यालयों में स्थित नियन्त्रण कक्ष और एआरओ को भी सूचित कर सकते हैं। ईवीएम, वीवीपैट मशीन कंट्रोल यूनिट को पोलिंग स्टेशन पर ही सुरक्षा अधिकारियों की निगरानी में रखना होगा । जिले के दूरदराज मतदान केंद्रों के लिए 17 मई 2019 को प्रात: के समय मतदान दल सेक्टर अधिकारियों के साथ रवाना होंगे। मतदान दलों को अपने मतदान केंद्र तक पहुंचने का रिर्पोट सेक्टर अधिकारियों के माध्यम से नियंत्रण कक्ष को भेजनी होगी। मतदान दल को 18 मई 2019 को ही मतदान केंद्र स्थापित करना होगा और 19 मई को मतदान आरंभ होने से पूर्व प्रात: 6 बजे सूक्ष्म पर्यवेक्षक, राजनैतिक दलों के एजेंटों की उपस्थित में मॉकड्रिल करनी होगी यदि 6 बजे तक कोई भी एजेंट उपस्थित न हो तो 15 मिनट इंतजार करने के बाद मॉकड्रिल की जानी चाहिए। सभी पीठासीन अधिकारियों और सेक्टर अधिकारियों से मतदान की प्रतिशत के बारे में हर दो घंटे बाद रिपोर्ट भेजने के भी निर्देश दिए गए हैं।