महिलाओं ने छेड़ा स्वच्छता अभियान
ठोगी गांव की महिलाओं ने दिया स्वच्छता का संदेश
खुले में पड़े कूड़े-कचरे को इकट्ठा कर ठिकाने लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। आनी के साथ लगते ठोगी गांव की महिलाओं ने स्वच्छता अभियान छेड़कर स्वच्छ भारत बनाने का संदेश दिया। महिलाओं ने अभियान के तहत गांव के आसपास की गलियों और पानी के टैंकों की साफ-सफाई की।
इस अवसर पर महिला मंडल ठोगी की अध्यक्षा गोयला देवी ने बताया कि गर्मियां शुरू हो चुकी हैं और इस दौरान साफ-सफाई की ओर विशेष ध्यान देने की अति आवश्यकता है। इसी कड़ी में महिला मंडल ठोगी ने अध्यक्षा गोयला देवी की अध्यक्षता में सफाई अभियान छेड़ा। महिलाओं ने इस दौरान पेयजल टैंकों, गलियों और गांव के समीप मंदिर परिसर की साफ सफाई की। महिलाओं ने आसपास के क्षेत्रों में खुले में पड़े कूड़े-कचरे को इकट्ठा कर ठिकाने लगाया। वहीं महिलाओं ने सभी लोगों से खुले में कूड़ा-कचरा न फेंकने की अपील की और स्वच्छ समाज बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गर्मियों में पानी को एक जगह इकट्ठा न होने दें। इससे मच्छरों के फैलने का खतरा रहता बना रहता है। इस मौके पर उप प्रधान सीमा देई, संतोषा देवी, आशा देवी, रेणुका, तिलका देवी, चिंतनु देवी, बबी देवी और चंदा देवी सहित कई अन्य महिलाएं मौजूद रही।