रवि ठाकुर और नेहा बिष्ट बने सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी
कोठी स्कूल में जमा दो कक्षा के लोकतंत्र तरीके से चुनाव संपन्न
नई कार्यकारिणी सदस्यों ने अपने दायित्वों के बारे में जाना
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। आनी खंड की कराड़ पंचायत के तहत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी में एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूल प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में जमा दो कक्षा के छात्र-छात्राओं का शपथ ग्रहण समारोह और चुनाव आयोजित हुए।
स्कूल के प्रवक्ता पोविंद्र चौहान ने बताया कि रवि ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ छात्र और नेहा बिष्ट को सर्वश्रेष्ठ छात्रा चुना गया है। लोकतंत्र तरीके से छात्र सदस्यों का चयन किया गया, जिसमें कोठी स्कूल के 10 छात्र-छात्राओं को अपने-अपने पद की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर प्रेमलता को सदन सदस्य प्रभारी, सृष्टि कटोच सांस्कृतिक समन्वयक, किरणा कुमारी खेल समन्वयक और बबली को खेल सचिव चुना गया है। जमित्रा को स्टेज सचिव, चमन लाल सांस्कृतिक कार्यक्रम संचालक, प्रवीण कुमार को खेल, अजय कुमार को सचिव और उगम राम को कार्यक्रम आयोजक बनाया गया है। प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार ने सभी चयनित छात्रों को बधाई दी। प्रधानाचार्य ने सभी छात्र-छात्राओं के साथ एक बैठक की, जिसमें नई कार्यकारिणी सदस्यों को अपने दायित्व की जानकारी दी गई।