रिकांगपिओ (किन्नौर) । राजकीय उच्च माध्यमिक पाठशाला जुन्गा में 3 से 15 जून तक भारतीय सेना के लिए भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय सेना भर्ती कार्यालय शिमला की ओर से आयोजित भर्ती में शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर जिला के युवा भाग ले पाएंगे।
भारतीय सेना भर्ती कार्यालय शिमला के प्रवक्ता के अनुसार यह भर्ती सैनिक सामान्य ड्यूटी (जी.डी.) और सैनिक लिपिक/एसकेटी पदों के लिए होगी। ग्राउंड टेस्ट पूर्व की भर्ती के भांति पहले होगा। इच्छुक उम्मीदवारों को ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। ऑनलाइन द्वारा पंजीकृत (वर्ष 2019) उम्मीदवारों को ही भर्ती के लिए सूचित किया जाएगा। कोई भी इच्छुक अभ्यर्थी 18 मई तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
पंजीकरण में अपना आधार नंबर अवश्य अंकित करें। उम्मीदवार को अपने साथ मूल दस्तावेज के अतिरिक्त 10वीं, 12वीं कक्षा की अंक तालिका की दो फोटो काफी, मूल निवास/ स्थायी प्रमाण पत्र, डोगरा प्रमाण, जाति प्रमाण पत्र, उपमंडल अधिकारी, तहसीलदार/नायब तहसीलदार की ओर से हस्ताक्षरित चरित्र प्रमाण पत्र और अविवाहित प्रमाण पत्र, जो 6 माह के अंदर जारी किया हुआ होना चाहिए।
आधार कार्ड, पेन कार्ड, ऑनलाइन प्रवेश पत्र (वर्ष 2019) एफिडेविट, एनसीसी और खेल प्रमाण पत्र यदि हैं तो साथ लाने होंगे। बिना प्रवेश कार्ड और मूल दस्तावेजों के बिना उम्मीदवार को ग्राउंड के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऑनलाइन पंजीकरण से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या के निवारण के लिए प्रात: 9 बजे से 2 बजे तक दूरभाष नंबर 0177-2652804 पर संपर्क कर सकते हैं।