अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। एबीवीपी आगामी लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान करने को लेकर ‘नेशन फर्स्ट, वोटिंग मस्ट’ का नारा देगी। इसको लेकर 1 से लेकर 17 मई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मतदाता जागरूकता अभियान छेड़ेगी। इस चुनाव में अधिक से अधिक मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए परिषद पर्चे भी बांटेगी।
वीरवार को प्रांत सहमंत्री आकाश नेगी ने कहा कि एबीवीपी समाज के लोगों को मतदान के लिए जागरूक करेगी। 1 से 17 मई तक रामपुर उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर मतदाता जागरूकता अभियान छेड़ा जाएगा और मतदाताओं से मतदान करने का आह्वान किया जाएगा। एबीवीपी प्रदेश भर में 10 लाख पर्चे बांटेगी और दो लाख स्टीकर लगा कर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करेगी। रामपुर में भी विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता गृह संपर्क अभियान के तहत घर-घर जाकर एक लाख पर्चे और 15 हजार स्टीकर बांट कर लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक करेगी। एबीवीपी द्वारा जिला के सभी शिक्षण संस्थानों में भी विद्यार्थियों को वोट देने के लिए जागरूक किया जाएगा। विद्यार्थी परिषद नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी लोगों से मतदान के लिए अपील करेगी। 8 मई को मानव श्रृंखला बनाकर और चिन्हित स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट बनाकर लोगों को वोट देने के लिए जागरूक करेगी।