रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में चुनाव प्रक्रिया को स्वच्छ और पारदर्शी बनाने पर मुख्य रूप से बल दिया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत बुधवार को रिकांगपिओ में उपायुक्त सभागार में सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम कल्पा सुरेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में माइक्रो ऑब्जर्वर को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में उन्होंने कहा कि माइक्रो ऑब्जर्वर केवल एक पर्यवेक्षक है और मतदान दल का सदस्य नहीं है। उन्हें मतदान केंद्र पर मतदान प्रारंभ होने से कम से कम एक घंटा पहले या मतदान से पहले दिन शाम को पहुंच जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं निष्पक्ष चुनाव करवाने में माइक्रो ऑब्जर्वर की विशेष भूमिका रहती है। माइक्रो ऑब्जर्वर पोलिंग स्टेशन में ऑब्जर्वर के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हैं। माइक्रो ऑब्जर्वर पीठासीन अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर मतदान केंद्र की हर गतिविधि पर पूरी सजगता के साथ मतदान प्रक्रिया पर पैनी नजर रखेंगे।
इस अवसर पर माइक्रो ऑब्जर्वर को ईवीएम और वीवीपैट के बारे भी विस्तार से जानकारी दी, जिससे पोलिंग डे के दिन अगर ईवीएम और वीवीपैट में कोई खराबी आती है तो उसका समाधान किया जा सके।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों में कोई भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश न हो, माइक्रो ऑब्जर्वर यह सुनिश्चित करें। मतदान केंद्रों में केवल उन्हें ही प्रवेश दिया जाएगा, जिन्हें निर्वाचन विभाग द्वारा पहचान पत्र जारी किया गया हो।