संकरी सड़क पर बेतरतीब पार्किंग बनी आफत
चालकों ने उठाई मांग, लांग रूट की बसें वाया कुमारसैन न भेजी जाएं
इस रूट पर करीब तीन हजारा आबादी बस सेवा से होती है लाभान्वित
मांग, पार्किंग हटाई जाए या बराड़ा से वाया कुमारसैन न भेजी जाएं बसें
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। पथ परिवहन निगम ड्राइवर्स यूनियन रामपुर ने लांग रूट की बसें बराड़ा से वाया कुमारसैन बंद किए जाने की मांग उठाई है। यूनियन के अनुसार इस सड़क पर बेतरतीब पार्किंग हटाई जाए या फिर लांग रूट की बसें न भेजी जाएं। बराड़ा से कुमारसैन सड़क काफी संकरी है और सड़क पर बेतरतीब पार्किंग होने के कारण बस चालकों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। हालांकि इस रूट से लांग रूट की बसों की आवाजाही से करीब 3000 आबादी लाभान्वित होती है।
यूनियन के चालक मनोहर लाल, सुरेश कुमार, राकेश कुमार, रविंद्र सिंह, राजिंद्र सिंह, प्रताप सिंह, प्रेम दास और इंद्र सिंह के अनुसार रामपुर से शिमला, रामपुर से हरिद्वार और शिमला से वापस आते समय जम्मू-रामपुर की लंबी दूरी की बसों को बराड़ा से कुमारसैन न भेजा जाएं। दोनों बसों के टाइम में चालकों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही है। जब ये बसें बराड़ा से अंदर कुमारसैन की ओर जाती हैं तो उस समय लोनिवि कार्यालय से लेकर कुमारसैन तक सड़क के दोनों ओर निजी वाहन पार्क किए होते हैं। ऐसे में संकरी सड़क पर निजी वाहनों के साथ बसों की टक्कर हो जाती है और बस चालकों को ही दोषी पाया जाता है। उन्हें जेब से खर्चा कर इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। यूनियन ने क्षेत्रीय प्रबंधक और स्थानीय प्रशासन से गुहार लगाई है कि दोनों बसों की सेवाएं सीधी भेजी जाएं।
यूनियन ने कहा कि रामपुर हरिद्वार बस के समय सोईधार, हरिद्वार, कचीनघाटी की बसें भी कुमारसैन गई होती हैं और जम्मू रामपुर के समय चंडीगढ़-कराणा, हरिद्वार-सोईधार वाया कुमारसैन जाती हैं। ऐसे में बसों को पास देने की भी बड़ी समस्या पेश आ रही है। यूनियन ने परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन से आग्रह किया है कि यदि दोनों बसों की सेवाएं वाया कुमारसैन करनी हैं तो निजी वाहन की बेतरतीब पार्किंग हटाई जाए या फिर से बसों की सेवाएं बंद की जाए।
कुमारसैन तहसील मुख्यालय में मदयोग, नाहल, भराड़ा और बई गांव शामिल हैं।