अमर उजाला ब्यूरो
नित्थर (कुल्लू)। जिला कुल्लू की नित्थर उप तहसील के धनाह मेें ऐतिहासिक 8 बैसाख मेला रखाऊ नाग की विदाई के साथ धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक मेले का मुख्य आकर्षण स्थानीय और आसपास के क्षेत्र के लोगों की ओर प्रस्तुति स्वांग नृत्य रहा। स्वांग नृत्य का ग्रामीणों ने जमकर लुत्फ उठाया। रविवार को रखाऊ नाग की रथ यात्रा मेला मैदान पहुंची, जहां सैकड़ों लोगों ने अपने इष्ट देवता के समक्ष शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान दिनभर नाटियों का दौर भी खूब चला। स्वांग नृत्य में रीजुला, मुकुल और अनुराग ने मेंढक नृत्य, तेजस्वी शर्मा ने ब्रह्माचारी और श्रवण कुमार ने उनकी पत्नी का अभिनय कर समा बांधा। देवी चंद और मोहर ने तलवार नृत्य पेशकर खूब दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। रानी स्वांग नृत्य में आशु, विवेक और मुकेश ने मुगल मुतैन नृत्य पेश किया। घनश्याम और तिलक राज ने नाई एवं राजा की भूमिका निभाई। सोमवार सुबह रखाऊ नाग की विदाई के साथ मेला संपन्न हुआ। मंदिर कमेटी अध्यक्ष पवन गोस्वामी और कारदार चांद कुमार ने कहा कि मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया है।