चौपाल विस क्षेत्र में मतदाता
सूचियों के संशोधन की प्रक्रिया पूरी
देहा और नेरवा में बनाए महिला मतदान केंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
नेरवा (रोहड़ू)। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम चौपाल अजीत भारद्वाज के नेतृत्व में 2019 लोकसभा चुनाव के लिए मतदाता सूचियों में संशोधन प्रक्रिया तथा नए मतदाताओं के नाम दर्ज करने का कार्य पूरा कर लिया गया है। इस चुनाव में दो महिला मतदान केंद्र देहा और नेरवा शामिल किए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर महिला कर्मचारी चुनावी ड्यूटी पर तैनात होगी।
शिमला संसदीय क्षेत्र के चौपाल विधानसभा क्षेत्र में कुल 76, 134 मतदाता हैं। जिसमें से 39, 435 पुरुष, तथा 36,699 महिला मतदाता हैं। चौपाल विधान सभा क्षेत्र में कुल 145 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें से 14 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। इस संबंध में सहायक निर्वाचन अधिकारी अजीत भारद्वाज ने बताया कि 19 अप्रैल तक विधानसभा क्षेत्र के तकरीबन सभी मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों में दर्ज किए जा चुके हैं। आगामी सात दिनों में इन सूचियों का विश्लेषण कर लिया जाएगा। मत प्रतिशतता को बढ़ाने के लिए मतदाताओं को जागरूक करने के लिए प्रत्येक पोलिंग बूथ पर विशेष स्वीप अभियान चलाए जा रहे हैं। उनकी लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है। बीते विधान सभा चुनावों में 90 फीसदी से अधिक मतदान वाले पांच मतदान केंद्रों टाली, द्योठी, झीना, धनेवरी व पोषड़ाह को विवेचनात्मक अथवा नाजुक (क्रिटिकल) श्रेणी में रखा गया है। संसदीय चुनाव में विधान सभा क्षेत्र के 2,018 नए युवा मतदाता पहली बार अपने मत का प्रयोग करेंगे। 80 वर्ष की उम्र से ज्यादा 139 बुजुर्ग मतदाता भी इस बार चुनाव में अपने मत का प्रयोग करेंगे। मतदान केंद्र रुसलाह में सबसे अधिक मतदाता है। रूसलाह केंद्र में मतदाताओं की संख्या 1129 है। जबकि मतदान केंद्र रियोष्टी में सबसे कम 77 मतदाता है।