पलिंगी-निचार सड़क पर नहीं हुई मेटलिंग
निचार खंड की चार पंचायतों के हजारों लोग झेल रहे परेशानी
ग्रामीणोें ने लोनिवि पर लगाया समस्या की अनदेखी का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले के राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर पलिंगी से निचार तक सड़क खस्ताहाल है। करीब 16 किलोमीटर लंबी सड़क से निचार खंड की चार पंचायतों पौंडा, बरी, सुंगरा और निचार के हजारों लोग लाभान्वित होते हैं। ग्रामीणोें के अनुसार यदि समय रहते मार्ग की हालत नहीं सुधारी गई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा पेश आ सकता है। उन्होंने सड़क की अनदेखी को लेकर लोनिवि के प्रति रोष जताया है।
उपप्रधान सुंगरा राकेश नेगी के अनुसार सड़क की मरम्मत कार्य को लेकर कई बार ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया, बावजूद इसके इस संबंध में कोई पहल नहीं की जा रही है। जिसका खामियाजा क्षेत्र की चार पंचायतों के हजारों लोगों को भुगतना पड़ रहा है। खासतौर पर बीमार लोगों को इस सड़क से अस्पताल पहुंचाना काफी मुश्किल हो जाता है।
बीडीसी अध्यक्षा निचार ब्लॉक मीरा नेगी, बीडीसी सदस्य सुंगरा दलीप सिंह नेगी, निचार खंड महासचिव देविंद्र सिंह नेगी, प्रधान पौंडा राजकुमारी नेगी, पूर्व उपप्रधान निचार वीरेंद्र नेगी, जगदीश नेगी, मनोज नेगी, मोहन नेगी ओर दुर्गादास नेगी सहित कई अन्य लोगों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से शीघ्र सड़क की हालत सुधारने की मांग की है।
वहीं इस संबंध में लोक निर्माण विभाग भावानगर के अधिशासी अभियंता आरएल चौहान के अनुसार पलिंगी-निचार सड़क जल्द ही दुरुस्त की जाएगी। इसके लिए टेंडर करवा दिया गया है और स्वीकृत भी मिल चुकी है। जल्द ही मेटलिंग का कार्य शुरू करवाया जाएगा।