आनी(कुल्लू)। आऊटर सिराज आनी में साजा वैैशाख के दिन मनाया जाने वाला बैहना का पारंपरिक ठिरशु मेला आज हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। बैहना के ठिरशु मेले से ही आनी क्षेत्र में मेलों की शुरुआत होती है। इस मेले के आगाज के बाद आनी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पारंपरिक मेलों का आयोजन होगा।
बैहनी महादेव मंदिर के कारदार लाभ सिंह ठाकुर ने बताया कि ठिरशु मेले की परंपरा बहुत ही पुरानी है। इस मेले से ही बाह्य सिराज आनी के निचले क्षेत्र में गेहूं की फसल की कटाई भी शुरू हो जाती है। मंदिर कमेटी के प्रधान रामकृष्ण ठाकुर ने बताया कि पहले प्रविष्ठा रविवार को मनाए जाने वाले इस मेले में भारी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण भाग लेते हैं और रात्रि समय में बैहनी महादेव दिव्य रथ में सवार होकर ढोल नगाड़ों की थाप पर अपने देवलुओं सहित देव नृत्य करेंगे। पूरी रात भर भक्तों द्वारा भोले का गुणगान किया जाएगा और पारंपरिक सामूहिक नाटी का भी आयोजन होगा। कल प्रात: विशेष पूजा-अर्चना के बाद देव गुरों द्वारा देववाणी से सभी लोगों को सुख-समृद्धि का आशीष दिया जाएगा।