दलाश (कुल्लू)। आनी कस्बे में स्वच्छता को लेकर स्थानीय प्रशासन जल्द ही कड़ा कदम उठाने जा रहा है। स्वच्छता को लेकर उदासीन और सहयोग न करने वालों पर प्रशासन तय नियमों के तहत कार्रवाई करेगा। प्र्रशासन के अनुसार जिसकी दुकान या घर के बाहर कूड़ा इकट्ठा मिलेगा उसका चालान काट कर जुर्माना वसूला जाएगा।
एसडीएम आनी चेत सिंह कहा कि सैकड़ों छोटे बड़े दुकानदारों, होटल, सब्जी वालों और अन्य व्यापारिक संस्थानों के अलावा सैकड़ों रिहायशी मकानों से घिरे इस कस्बे में लोगों की सहभागिता से घरों और दुकानों से निकलने वाले कूड़े को उठाने को एक ट्रैक्टर लगाया गया है। जिसका खर्च कस्बे के अधिकांश व्यापारियों द्वारा वाहन किया जाता है। अक्सर देखने में आया है कि कस्बे की सफाई के बदले में बहुत से दुकानदार सहयोग करने में आनाकानी कर रहे हैं, जबकि अधिकांश लोग कस्बे की सफाई को लेकर चिंतित हैं और पूरा सहयोग करते हैं।
उन्होंने कहा कि बखनाओं, कराना, कुंगश, आनी और नमहोग पंचायतों से घिरे इस कस्बे में आनी पंचायत के अलावा शेष पंचायतों के प्रतिनिधियों ने उदासीनता धारण कर रखी है। जिससे कस्बे में सफ ाई व्यवस्था पूरी तरह कारगर साबित नहीं हो पा रही। ऐसे में प्रशासन कारण बताओ नोटिस भेजेगा।
एसडीएम चेत सिंह ने कहा कि कस्बे को साफ सुथरा रखना प्रशासन से पहले स्थानीय लोगों की जिम्मेवारी है। जब तक इसे नगर पंचायत या नगर परिषद का दर्जा नहीं दिया जाता तब तक स्थानीय जनता के सहयोग से ही प्रशासन स्वच्छता बनाए रखने का प्रयास करेगा और सहयोग न देने वालों पर कार्रवाई होगी।