रोहड़ू। किसान संघर्ष समिति की बैठक में मंडियों के अंदर आढ़तियों की ओर से बागवानों के साथ की जा रही लूट पर रोष जताया गया। वहीं 22 अप्रैल को ढली में एपीएमसी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने का भी निर्णय लिया गया।
बुधवार को हाटकोटी में आयोजित बैठक में समिति के राज्य सचिव संजय चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जुब्बल ब्लॉक के विभन्न हिस्सों से किसानों और बागवानों ने भाग लिया। इस अवसर पर राज्य सचिव संजय चौहान के कहा कि रोहड़ू और खड़ापत्थर मंडी में आढ़ती बागवानों से प्रति पेटी बीस से तीस रुपये वसूल रहे हैं। वहीं बहुत से बागवानों के आढ़तियों के पास पिछले कई सालों से पैसे फंसे हुए हैं। जिन्हें आढ़ती नहीं दे रहे हैं। बैठक में ऐसे भी किसान आए थे जिन्होंने परमाणु सब्जी मंडी और अन्य मंडियों के आढ़तियों से भी लाखों रुपये की बकाया राशि लेनी है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 22 अप्रैल 2019 को किसान-बागवान एपीएमसी के ढली दफ्तर पर प्रदर्शन करेंगे। जिसमें जुब्बल से सैकड़ों बागवान भाग लेंगे। बैठक में ब्लॉक कमेटी का गठन किया गया। जिसमें अजय दुल्टा को संयोजक और मनमोहन संगरोली को सह संयोजक बनाया गया। संसार, राजिंदर तेजटा, कुशल देस्टा, हरीश घमता, जय सिंह जेटा, घनश्याम मांटा, हरी लाल, सुरेंद्र और कृष्ण ब्रामटा को कमेटी सदस्य चुना गया।