रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला प्रशासन किन्नौर ने बुधवार को रिकांगपिओ में पॉलीथिन के इस्तेमाल के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत उपमंडल अधिकारी कल्पा सुरेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ दुकानदारों से पॉलीथिन के लिफाफे इस्तेमाल करने पर जुर्माना वसूला गया और भविष्य में प्रयोग न करने बारे में चेतावनी दी गई।
निरीक्षण के दौरान कुछ सब्जी विक्रेताओं के पास खराब सब्जी और फल बेचने के मामले सामने आए और इस दौरान 320 किलोग्राम खराब सब्जी को भी जब्त किया। निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानदारों द्वारा एक्सपायरी तिथि के बाद शीतल पेय बेचने के भी मामले सामने आए और ऐसे पदार्थों को भी जब्त किया गया। निरीक्षण दल ने ढाबों पर भी दबिश दी। ढाबों पर दो घरेलू सिलिंडर का उपयोग करने के मामले सामने आने पर सिलिंडर जब्त कर जुर्माना वसूला गया।
निरीक्षण दल ने 12 दुकानदारों के चालान काटे। वही खराब सब्जियां बेचने और एक्सपायरी शीतल पेय बेचने वाले नौ दुकानदारों और ढाबे पर घरेलू सिलिंडर उपयोग के लिए एक का चालान किया गया। एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने दुकानदारों को दुकान पर मूल्य सूची लगाना सुनिश्चित बनाने के साथ साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण दल ने जिला नियंत्रक, खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले सहित फूड सिक्योरिटी अधिकारी शामिल रहे।